चंदक में बालावाली गंगा घाट युवक के डूबने पर मौके पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : BIJNOR
गंगा की तेज धारा में डूबा युवक
चंदक। पितृ विसर्जन अमावस्या पर गंगा में नहाने गया युवक तेज धारा में डूब गया। युवक की तलाश में गोताखोरों की टीम लगी है, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला है। युवक के डूबने से उसके परिजनों में कोहराम मचा है। उसके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
पितृ अमावस्या पर थाना किरतपुर क्षेत्र अंतर्गत बहादरपुर उर्फ सरफुद्दीन निवासी पंकज पुत्र उदेश अपने साथियों नीनू व बाबूराम के साथ बाइक द्वारा बालावाली गंगा घाट पर बृहस्पतिवार सवेरे पितृ विसर्जन करने गया था। गंगा घाट पर स्नान करते समय पंकज असंतुलित होने से धारा में गिर गया। वहां पानी की धारा बहुत तेज थी। पंकज तेज धारा से लाख कोशिश के बाद भी बाहर नहीं आ सका। पंकज को डूबता देखकर वहां नहा रहे लोगों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर कुछ लोगों ने पंकज की ओर जाने की कोशिश भी की लेकिन किसी के उसके पास जाने से पहले ही वह तेज धारा में डूब गया। पंकज के डूबने से गंगा तट पर अफरा तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने धारा में उसे तलाशना शुरू कर दिया। पंकज के डूबने की सूचना उसके साथियों ने परिजनों को फोन पर दी गई। परिजन व गांव से काफी लोग घाट पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोर व लोगों ने पंकज को पूरा दिन गंगा में तलाशा लेकिन कुछ पता नहीं चला। पंकज के डूबने से उसके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि पंकज 19 साल का है। वह बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है।
चंदक में बालावाली गंगा घाट पर गंगा में डूबे युवक को खोजते गोताखोर।- फोटो : BIJNOR