बिजली संविदाकर्मियों का कार्य बहिष्कार जारी
हल्दौर। लाइनमैन संविदा कर्मियों ने हल्दौर उपखंड के एसडीओ पर बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए दूसरे दिन भी कार्य बहिष्कार जारी रखा। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष सतीश कुमार ने अधिकारियों से चर्चा किए जाने तक कार्य पर लौटने की अपील की है। जिलाध्यक्ष के कहने पर उलेढ़ा बिजलीघर के संविदा कर्मियों को छोड़कर बाकी सभी कर्मचारी काम पर लौट आए।
गांव उलेढ़ा बिजलीघर पर तैनात संविदा कर्मियों ने हल्दौर उपखंड के एसडीओ संदीप कुमार पर बदसलूकी करने का आरोप लगाकर कार्य बहिष्कार कर दिया था। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष सतीश कुमार ने बताया कि उलेढ़ा बिजलीघर पर तैनात लाइनमैन संविदा कर्मी संजीव कुमार, सतीश कुमार, बिशनचंद, इंदर, जोगेंद्र सिंह तीन दिन पहले बिजली उपभोक्ताओं के बिल जमा कर रहे थे। हल्दौर उपखंड के एसडीओ संदीप कुमार ने कार्यालय में पहुंचकर संविदा कर्मियों पर कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए बदसलूकी की। उन्होंने बताया कि शनिवार को हल्दौर बिजलीघर पर संविदा कर्मियों एवं विभागीय अधिकारियों के बीच इस संबंध में बैठक होगी। उन्होंने हल्दौर उपखंड के अंतर्गत आने वाले गांव उलेढ़ा, सिसौना, पैजनियां, लदुपुरा, कड़ापुर एवं हल्दौर बिजलीघर में तैनात सभी संविदा कर्मियों से वार्ता होने तक कार्य पर लौटने की अपील की। जिलाध्यक्ष की अपील के बाद उलेढ़ा बिजलीघर पर तैनात संविदाकर्मी लाइनमैन को छोड़ बाकी सभी काम पर लौट आए।