गांव फीना के बिजलीघर में बैठीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
शिवाला कलां में ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण एक माह से बिजली की किल्लत झेल रही फीना की महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को महिलाओं ने बिजलीघर पहुंचकर ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की। गुस्साई महिलाओं ने कर्मचारियों को बाहर निकालकर बिजलीघर के कार्यालय पर कब्जा कर लिया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष व अवर अभियंता ने महिलाओं को समझाकर घर भेजा।
गांव फीना में 100 केवी के ट्रांसफार्मर से करीब आधे गांव को बिजली की आपूर्ति की जाती है। उक्त ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण बार-बार फुंक जाता है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले एक सप्ताह से उक्त ट्रांसफार्मर फुंका होने के कारण आधे गांव की बिजली आपूर्ति गुल हुई पड़ी है। भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति न होने से महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार की दोपहर काफी संख्या में महिलाएं एकत्र होकर बिजलीघर पहुंची। प्रदर्शन कर बढ़ी हुई क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की।
ओवरलोड होने के कारण वह बार-बार जल जाता है। कई बार अधिकारियों से बढ़ी क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन बिजली अधिकारी मांग को अनसुनी कर रहे हैं। गुस्साई महिलाओं ने कर्मचारियों को बाहर निकालकर बिजलीघर के कार्यालय पर कब्जा जमा लिया।
सूचना पर थानाध्यक्ष अमन सिंह एवं बिजलीघर पर तैनात जेई सद्दाम अली मौके पर पहुंचे। महिलाओं को शीघ्र ही बढ़ी क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन देकर घर भेजा। प्रदर्शन करने वालों में ऊषा देवी, निर्मला, गीता देवी, माया देवी, मालती देवी, मुन्नी, सोमवती देवी आदि महिलाएं मौजूद रहीं।