चांदपु में ज्वैलरी शोरूम में चेन चोरी के बाद सीसीटीवी कैमरे में कैद संदिग्ध आरोपी।
- फोटो : BIJNOR
ज्वैलरी देखने आई महिला ने सोने की चेन चुराई
चांदपुर। ढाली बाजार स्थित एक ज्वैलरी शोरूम पर ज्वैलरी देखने आई महिला ने दुकान से दो तोले की सोने की चेन चोरी कर ली। चेन चोरी होने का पता महिला के जाने के बाद सोने का वजन करने पर लगा। ढाली बाजार में कान्हा जी ऑर्नामेंटस शोरूम के नाम से ज्वैलरी का शोरूम है। शनिवार को बाइक पर एक महिला व एक पुरुष दुकान पर ज्वैलरी देखने आए। ज्वैलरी की दुकान पर अधिकांश जेवर दिखाने से पहले दुकानदार जेवर का वजन कर लेता है। शोरूम स्वामी विष्णु गोपाल उर्फ दीपू ने बताया कि शोरूम पर आकर महिला ने पहले सोने कुंडल देखकर पसंद कर लिए। उसके बाद चेन दिखाने को कहा। चेन देखने के बाद महिला थोड़ी देर में आने की बात कहकर चली गई। उनके जाने के बाद जब दिखाए गए सोने का वजन किया तो उसमें बीस ग्राम सोना कम निकला। जांच कर दो तोले की सोने की करीब 90 हजार रुपए कीमत की एक चेन नहीं थी। महिला की तलाश की लेकिन महिला पुरुष का कहीं पता नहीं लगा। घटना की पुलिस को सूचना दी गई है। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में आई फुटेज के आधार पर संदिग्ध बाइक सवार महिला पुरुष की तलाश की जा रही है।