अफजलगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग 734 गांव उधोवाला के समीप बस से देहरादून से प्रयागराज कुंभ मेले में स्नान के लिए जा रही महिला गुड्डी देवी (65) की किसी वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार उत्तराखंड हर्रावाला देहरादून निवासी गुड्डी देवी पत्नी बहादुर सिंह अपनी बहू पूजा के साथ बस से देहरादून से प्रयागराज महाकुंभ स्नान करने जा रही थी। राष्ट्रीय राजमार्ग गांव उधोवाला पेट्रोल पंप के समीप शौच के लिए रुके थे। गुड्डी देवी सड़क पार कर शौच के लिए जा रही थी। सड़क पार करते समय गुड्डी देवी किसी वाहन की चपेट में आकर गिर गई और सिर में चोट लगने से गम्भीर रूप से घायल हो गई। जिसे साथ आए लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान महिला की मृत्यु हो गई। सूचना पर पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में ले लिया। वहीं दोनों बसों को प्रयागराज कुंभ के लिए रवाना कराया। सीओ अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।