बास्टा। बरसात का मौसम शुरू होने के बावजूद विकासखंड जलीलपुर की ग्राम पंचायत बीबीपुरा में नालों की सफाई नहीं कराई गई है। मुख्य मार्गों पर बने नाले कूड़े और गंदगी से पटे होने के कारण दुर्गंध फैल रही है। गंदगी के चलते मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। ग्रामीणों ने जल्द नालों की सफाई कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार हर वर्ष बरसात से पहले नालों की सफाई कराई जाती थी, लेकिन इस बार अब तक सफाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। मुख्य बस अड्डे से शैतान चौक तक दोनों ओर बने नाले गंदगी से बजबजा रहे हैं। वहीं मंडी समिति के गेट से मुख्य चौराहे तक नालों में कूड़ा जमा होने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। बरसात के दौरान जलभराव की आशंका भी बनी हुई है।
श्री गांधी इंटर कॉलेज के सामने गंदगी के ढेर लगे हैं, जिससे आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। बस अड्डे पर बने यात्री शेड के पास भी कूड़े का अंबार लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो बरसात में जलनिकासी बाधित होने के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
फरीद अहमद ने कहा कि बाईपास क्षेत्र के नाले कूड़े से पट गए हैं। गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। बरसात में नाले ओवरफ्लो होने और जलभराव की आशंका भी बनी हुई है। हर साल की तरह इस बार भी समय रहते नालों की सफाई कराई जानी चाहिए।
डॉ. आकाश दीप चौधरी ने कहा कि मंडी समिति के गेट से मुख्य चौराहे तक कई स्थानों पर नाले बंद पड़े हैं। कूड़ा जमा होने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। बरसात से पहले नियमित सफाई कराई जाए, ताकि जलभराव, दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों से लोगों को राहत मिल सके।
सुरेंद्र कुमार, एडीओ पंचायत: सफाई कर्मी अभियान में लगे हुए हैं। जल्द ही ग्राम पंचायत के सभी नालों की सफाई करा दी जाएगी।