दमनकारी नीतियां हावी नहीं होने देंगे : राकेश टिकैत
नांगलसोती/नजीबाबाद (बिजनौर)। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों पर सरकार की दमनकारी नीतियां हावी नहीं होने दी जाएंगी। सरकार किसानों की जमीनों और उनके अधिकारों पर कब्जा कर पूंजीपतियों के हाथों देश गिरवीं रखना चाहती है। किसान सरकार के हर उस फैसले का विरोध करेंगे जो किसान और जनविरोधी है। उन्होंने किसानों से स्वयं और कृषि भूमि को बचाने के लिए बड़े आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय किसान यूनियन, भारतीय किसान यूनियन सहित कई संगठनों की ओर से नांगलसोती के आरबीएस इंटर कॉलेज में किसान संसद का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने सरकार के फैसलों का विरोध किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने दोगुना आमदनी की बात कहकर किसानों को छला, बिजली के मीटर लगाने के साथ मुफ्त बिजली देने का किसानों से किया वादा पूरा नहीं किया। सरकार किसानों के अधिकारों के हनन पर आमादा है। किसान आंदोलनों को प्रभावित करने के लिए सरकार ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सवारी न ढोने की बात कहते हुए जुर्माना लगाने की घोषणा की। किसान इसे किसी कीमत पर लागू नहीं होने देंगे।
ब्रजवीर सिंह की अध्यक्षता और सुरेश आर्य के संचालन में आयोजित किसान संसद में जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह, बाबूराम तोमर, नृपेंद्र काकरान, योगेश राणा, तहसील अध्यक्ष दिनेश कुमार, अवनीश कुमार, नरदेव सिंह, तुषार कुमार, सुनील कुमार, विनोद कुमार, जितेंद्र सिंह, रामपाल आदि मौजूद रहे।