- रेलवे फाटक के तीनों दिशाओं में पुल निर्माण के लिए मिट्टी की जांच का कार्य शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
फोटो समाचार
नगीना। यदि सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो बहुत जल्दी नगीना के लोगों को नगीना कोतवाली मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या से छुटकारा मिल सकता है। रेल विभाग द्वारा रेलवे फाटक पर उपरिगामी पुल बनाने की मंजूरी दिए जाने के बाद धरातल पर अब काम भी शुरू होने की पहल हो गई है। ओवर ब्रिज बिजनौर, रायपुर व धामपुर की दिशा में उतरेगा।
चार मार्च को नगीना में अपनी प्रेस वार्ता के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नगीना कोतवाली मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक पर उपरिगामी पुल पास हो जाने की बात बताई थी। बुधवार को रेलवे फाटक के तीनों दिशाओं में पुल निर्माण को लेकर मिट्टी जांच के लिए मजदूर खोदाई करते दिखाई दिए। इस संबंध में सहायक मंडल अभियंता नजीबाबाद दिनेश कुमार का कहना है कि नगीना कोतवाली मार्ग पर उपरिगामी पुल पास हो चुका है। इसका पूरा नक्शा बनाया जा रहा है। जिसके तहत मिट्टी की जांच के लिए खोदाई का काम हो रहा है। उनका कहना है कि करीब एक माह के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
एमएम कंसलटेंट भुवनेश्वर के जेई जतरू भगत ने बताया कि पुल के निर्माण से पूर्व रेलवे फाटक के आसपास तीनों मार्गों पर चार-चार ड्राई बोर कराकर मिट्टी जांच का कार्य कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। सड़क पर करीब 15-40 मीटर की दूरी पर करीब 100 फीट गहराई तक बोर किए जा रहे हैं। बोर से 5-5 फिट पर मिट्टी के नमूने लिए जा रहे है। जो की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे।
क्या कहते हैं नगर के लोग
लाला राधेश्याम महिला महाविद्यालय के प्रबंधक राकेश अग्रवाल का कहना है कि रेलवे फाटक पर उपरिगामी पुल के निर्माण हो जाने के बाद विद्यार्थियों को बहुत लाभ होगा। डीवीएम महाविद्यालय के प्रबंधक इंजीनियर अमित गुप्ता का कहना है कि लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अब्दुल कय्यूम राईन का कहना है कि रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज के बनाया जाना एक अच्छा कदम है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रमोद चौहान का कहना है कि भाजपा सरकार जो कहती है वह करके दिखाती है।