बिजनौर। अमरोहा के धनौरा से मुजफ्फरनगर जा रही एक पिकअप गाड़ी को वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया। गाड़ी से 20 सूकर बरामद किए गए हैं। जिनका शिकार करते हुए तस्करी की जा रही थी। हालांकि आरोपी फरार हो गए।
सोमवार को गांव बवनपुरा में पिकअप को रोका गया। वन विभाग की टीम को देखकर आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। गाड़ी को तलाशी लेने पर मिले कागज के आधार पर पिकगाड़ी का मालिक कृष्णपाल सिंह निवासी भोकरहेड़ी मुज्जफरनगर निकला। बताया गया कि उक्त गाड़ी को नितिन निवासी भोकरहेड़ी चला रहा था। गाड़ी में बीस जंगली सूकर भी बरामद हुए। जिन्हें बांधकर भूसे की तरह भरा गया था, जिनकी मौत हो चुकी थी। मामले में रोहित निवासी धनौरा मंडी, सनोज निवासी मुज्जफरनगर, नितिन निवासी मुज्जफरनगर और कृष्णपाल सिंह गाड़ी मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एसडीओ ज्ञान सिंह ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में जंगली सुकर का शिकार हुआ है, इसकी जांच की जा रही है। जो भी इसमें शामिल होंगे, उनकी तलाश कर कार्रवाई की जाएगी।