बिजनौर जनपद के रेहड़ क्षेत्र में खेत में घास काट रहे गांव रायपुरी निवासी किसान राजेंद्र सिंह (50) पर बुधवार शाम बाघ ने हमला कर दिया। अचानक झाड़ियों से निकले बाघ ने उन पर झपट्टा मारा और घायल कर दिया।
राजेंद्र सिंह की चीख-पुकार सुनकर आसपास काम कर रहे किसान मौके पर दौड़े और शोर मचाया, जिससे बाघ जंगल की ओर भाग गया। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों ने बाघ को जल्द पकड़ने की मांग की है। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कांबिंग की, लेकिन बाघ का कोई सुराग नहीं लगा। वन कर्मियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। टीम में मोहित कुमार, मंसूर, विकास और वीरेंद्र सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।