नूरपुर के गांव रामोरूपुर में श्रीराम पुस्तकालय को देखते अतिथिगण। संवाद
- फोटो : shrinagar news
नूरपुर। बुधवार की दोपहर गांव रामोरूपपुर स्थित बाल कल्याण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रांगण में नवनिर्मित श्रीराम पुस्तकालय भवन का उद्घाटन पूर्व परिवहन मंत्री व एमएलसी अशोक कटारिया ने फीता काटकर किया। ब्लॉक प्रमुख आकांक्षा चौहान ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्य और उपलब्धियां गिनाई।
अशोक कटारिया ने कहा कि विद्यालय परिसर में पुस्तकालय भवन के निर्माण से छात्र छात्राओं को शिक्षा ग्रहण करने में सहायता मिलेगी। श्रीराम पुस्तकालय में कोर्स के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकें उपलब्ध हैं। एमएलसी अशोक कटारिया ने ब्लॉक प्रमुख के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार के पुस्तकालय का निर्माण करना विद्यार्थियों के लिए बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख आकांक्षा चौहान ने कहा कि क्षेत्रीय युवाओं के उत्तम भविष्य निर्माण के लिए विद्यालय में जो भी आवश्यकता होगी उसे उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुस्तकालय में साठ बच्चे एक साथ बैठकर अध्ययन कर सकते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में आए क्षेत्र पंचायत सदस्यों व ग्राम प्रधानों का आभार प्रकट करते हुए भविष्य में भी सहयोग की कामना की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, निशांत कर्णवाल, अंकित जोशी, नवीन कुमार, विनय कुमार, समाजसेवी राशु चौहान, सतवीर चौहान, बीडीओ डॉ. दिनेशपाल शर्मा, जुगनू चौधरी क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद