नहटौर में हर गांव, हर चौपाल पर विधानसभा चुनाव की चर्चाओं का माहौल है। मतदाता विधानसभा चुनाव में अपने अपने तर्क रख रहे हैं। शिकायतों के अंबार है, फिर भी चुनाव में जोर शोर से हिस्सा लेने के लिए आतुर हैं।
ग्रामीण क्षेत्र में सीसी रोड बनने का सबसे बड़ा मुद्दा है। आज भी गांवों में लोग खस्ताहाल खड़ंजों पर चलने को मजबूर हैं। इस बार विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों से अपनी समस्याओं को दूर कराने की उम्मीद पर वोट देने का मन बना रहे हैं। गांव में आज तक सीसी रोड नहीं बन सकी है। गांव फिरोजपुर आंकू व अल्हैपुर ब्लॉक के बार्डर का गांव है। 99 प्रतिशत लोग साक्षर हैं। गांव में अधिकांश सवर्ण लोग रहते हैं। हर विधानसभा चुनाव में ग्रामीण गांव के बीचों बीच बनी सड़क को सीसी रोड में तब्दील कराने की मांग जनप्रतिनिधियों से करते हैं।
इसके अलावा करीब सवा किलोमीटर कच्ची सड़क का भी बुरा हाल बना हुआ है। बारिश में यह रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है। यह सवा किलोमीटर कच्चा मार्ग दर्जनों गांवों को भी तहसील से जोड़ने के लिए मुफीद माना जाता है, लेकिन कोई भी जनप्रतिनिधि आज तक इस मार्ग को नहीं बना पाया है। दर्जनों गांवों के लोगों को अधिक दूरी तय करके दूसरे रास्तों से तहसील जाना पड़ता है। कई सरकारों में उनके गांव में कोई काम नहीं हो सका है। पंचायत के दूसरे गांवों में दलित व पिछड़े वर्ग की बस्तियों में काम किया जाता है। ग्रामवासी भूपाल सिंह का कहना है कि जो गांव में सीसी रोड बनवाएगा उसे ही वोट देंगे। रवींद्र चौहान का कहना है कि आंकू ब्लॉक के डार्क जोन में आने से किसानों को नलकूप के विद्युत कनेक्शन नहीं मिल रहे हैं।
वह कहते हैं कि जो डार्क जोन से ब्लॉक को हटवाएगा उसे ही अपना वोट देंगे। डा. हरिओम का कहना है कि हर पार्टी चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करते हैं। जो कच्ची सड़क को पक्की बनाएगा, वही वोट का हकदार होगा।
जुगल किशोर का कहना है कि हम राष्ट्रीय स्तर पर खरी उतरने वाली पार्टी के प्रत्याशी को अपना वोट देंगे। नरेन्द्र सिंह का कहना है कि गांगन नदी पर बना पुल क्षतिग्रस्त होने की कगार पर है। जो प्रत्याशी उसको सही कराएगा। उसे ही हम अपना वोट देंगे। दुलीचंद का कहना है कि साफ सुथरी छवि के प्रत्याशी को ही हम अपना वोट देंगे। युवा मोहित कुमार का कहना है कि जो विधायक ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराएगा, उसे ही वोट देंगे। कृपाल सिंह का कहना है कि वह क्षेत्रीय प्रत्याशी को वोट देंगे।