दो दिन और खराब रहेगा मौसम, बढ़ेगी ठिठुरन
बिजनौर। शनिवार को फिर से बूंदाबांदी शुरू हो गई है। बारिश से ठंड और बढ़ गई। अगले दो-तीन दिन मौसम खराब रहने का अंदेशा है। बारिश से फसलों को कोई खास फायदा नहीं होगा।
शनिवार सुबह से ही कोहरा और बादल छाए हुए थे। करीब नौ बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। दिन भर रुक रुककर बूंदाबांदी होती रही। बूंदाबांदी के साथ-साथ शीतलहर के ठंडे झोंके भी चलते रहे। शनिवार को हुई 2.2 एमएम बारिश से फसलों को कोई खास फायदा या नुकसान नहीं होगा लेकिन बारिश और ज्यादा हुई तो सरसों और सब्जियों की फसलों के लिए बहुत नुकसान देय साबित होगी। साथ ही गन्ने की छिलाई बंद होने से किसानों के सामने पशुओं के लिए चारे की समस्या भी पैदा हो जाएगी। बूंदाबांदी और शीतलहर ने मौसम में ठंडक और बढ़ा दी है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह पिछले कई दिनों में सबसे कम है। नगीना स्थित मौसम वेधशाला के प्रेक्षक सतीश कुमार के अनुसार शनिवार को दिन में ज्यादा बारिश नहीं हुई है। अगले दो तीन दिन भी मौसम खराब रह सकता है।
बिजनौर में बारिश में जाते लोग।- फोटो : BIJNOR