नकटा नदी का जलस्तर बढ़ा, कई घरों में घुसा पानी
बढ़ापुर। नकटा नदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्राम बासोंवाला में नदी का पानी कई घरों में घुसने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कस्बे का समीपवर्ती ग्राम बासोंवाला नदी किनारे बसा हुआ है। पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते गुलाह, पहाड़ा व नकटा नदी का देर रात इतना जलस्तर बढ़ा कि नदी का पानी गांव में आ गया। पानी कई घरों में घुसने से ग्रामीणों के घरों में रखा सामान भी खराब हो गया। ग्रामीण रामपाल सिंह, रविंद्र कुमार, शेर सिंह, ममता देवी व मुनेश आदि का कहना है कि घर में नदी का पानी घुस आने पर उन्होंने पूरी रात जागकर गुजारी। यही हाल गांव के बीच में स्थित प्राथमिक विद्यालय का भी रहा। प्राथमिक विद्यालय के भीतर व बाहर पानी घुस आया। सोमवार को विद्यालय का अवकाश होने के कारण बच्चों के विद्यालय नही आने के कारण उनको किसी असुविधा का सामना नही करना पड़ा। सोमवार की सुबह नदियों का जलस्तर कम होने पर ग्रामवासियों ने राहत की सांस ली।