नंदगांव के पास खो नदी में बढ़ा जलस्तर । स्त्रोत संवाद
धामपुर। पहाड़ों पर तेज बारिश के चलते शनिवार को खो नदी का जलस्तर फिर से बढ़ने लगा है। नदी की तेज धार ने नंदगांव को बाढ़ से बचने के लिए सिंचाई विभाग द्वारा किए प्रबंध ध्वस्त कर दिए हैं। जलस्तर बढ़ने से तेजी से कटाव हो रहा है। ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से गांव को बाढ़ बचाने के लिए मजबूती के साथ उचित प्रबंध किए जाने की मांग की है।
गांव के नितिन चौहान, राजपाल सिंह, भूपेंद्र सैनी, जोली, महेश आदि ने बताया कि पिछले दो दिन से जल स्तर में गिरावट आ रही थी । सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने गांव को बचाने के लिए लकड़ी की बल्लियों और स्टड लगा कटाव को रोकने का मजबूत प्रयास किया था। लेकिन शनिवार को नदी में फिर जलस्तर बढ़ने लगा जिसके कारण सिंचाई विभाग द्वारा किए गए व्यापक इंतजाम ध्वस्त हो गए हैं। पानी तेजी के साथ गांव की तरफ कटाव कर रहा है। ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी मोहित कुमार सिंह और सिंचाई विभाग के अधिकारियों से मजबूती के साथ कटाव को रोकने और गांव को सुरक्षित रखने की मांग की है।
उधर अवर अभियंता ज्वाली सिंह का कहना है कि नदी में सामान्य से कम पानी है । 9280 क्यूसेक पानी नदी में बह रहा है ।बाढ़ की आशंका दूर तक नहीं है ।