कालागढ़। कार्बेट टाइगर रिजर्व में वन व वन्यजीवों की आग से सुरक्षा को लेकर वन विभाग की कवायद जारी है। वाटरहोल वन्यजीवों से गुलजार होने लगे हैं।
गर्म हवाओं व बढ़ते तापमान के चलते वनों में वनाग्नि का खतरा वन विभाग के लिए चुनौती बन रहा है। वनों को आग से बचाने व पानी के लिए वन्यजीवों को आबादी में आने से रोकने की मुहिम वन विभाग ने चला रखी है। उच्च अधिकारियों से लेकर बीट स्तर तक का अमला वनों की सुरक्षा कवायद में कड़ी मशक्कत कर रहा है। ग्रामीणों के बीच जाकर उन्हें वनाग्नि से नुकसान की जानकारी देकर वनों को आग से बचाने की अपील कर रहा है।
वन्यजीवों को वनों में ही रोकने के लिए वाटरहोल में पानी भरा जा रहा है। कालागढ़ में नई काॅलोनी व केंद्रीय काॅलोनी में उप प्रभागीय वनाधिकारी डाॅ. शालिनी जोशी, वनक्षेत्राधिकारी नंदकिशोर रूवाली, थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह रावत, वन दरोगा प्रकाश चन्द्र मठपाल, महेश चंद्र जोशी आदि आग से बचाने की अपील कर रहे हैं।
- गुलजार हो रहे वाटरहोल
कालागढ़ के वनक्षेत्राधिकारी नन्दकिशोर रूवाली के अनुसार कालागढ़ के वनों में वाटरहोल पानी से भर रहे हैं। उनमें वन्यजीव पानी पीने आ रहे हैं। वनों में गर्म हवा से वन्यजीवों को अधिक पानी की आवश्यकता है।