धामपुर में पालिका की ओर से एक करोड़ की लागत से बना कूडा निस्तारण प्लांट।
- फोटो : DHAMPUR
कूड़ा निस्तारण संयंत्र को है बजट का इंतजार
धामपुर। धामपुर में पालिका की ओर से नगर की जनता को गंदगी से मुक्ति दिलाने के लिए कूड़ा निस्तारण संयंत्र का निर्माण किया गया है, पर संयंत्र में अभी तक बिजली का कनेक्शन नहीं हुआ। निगम के अधिकारियों की ओर से 14 लाख का स्टीमेट बना कर जमा करने का आग्रह किया गया, पर पालिका के पास बजट नहीं है।
पालिका की ओर से एक करोड़ रुपये की लागत से संयंत्र तैयार किया गया। मशीनों को लगाया है। दो सप्ताह पहले एसडीएम मनोज कुमार सिंह व पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता ने मशीनों का ट्रायल लेने पहुंचे जेनरेटर से मशीनों को चलाया गया। बिजली कनेक्शन न होने के कारण संयंत्र चालू नहीं किया जा सका है।
वहीं पालिका के ईओ सुभाष कुमार का कहना है कि बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया गया है, पर पालिका के पास बजट नहीं है। ऐसे में कनेक्शन करा पाना मुश्किल हो रहा है। ईओ का कहना है कि संयंत्र को चालू कराने के लिए अभी एक बार ही ट्रायल हुआ है। अभी दो बार और ट्रायल होने हैं। ट्रायल की प्रक्रिया नवंबर में पूरा कर लिया जाएगा। पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता का कहना है कि उनकी मंशा है कि जल्द ही प्लांट चालू हो।