ट्विटर पर गन्ना भुगतान के लिए उठाई आवाज
बिजनौर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार वीएम सिंह के गन्ना बकाया ब्याज सहित भुगतान के लिए चलाए गए ट्वीट आंदोलन को जिले के किसानों का साथ मिला। किसानों ने ट्वीट कर गन्ना भुगतान की मांग की। कोरोना संकट को देखते हुए ट्विटर कर किसानों ने गन्ना भुगतान की मांग उठाई थी।
सरदार वीएम सिंह के करीबी आदित्य चौधरी ने बताया कि अभी कुछ ही मंडलों एवं कुछ जिलों में आईटी सेल का गठन किया गया है। पूरे भारतवर्ष से किसान पुत्र अपना हक ट्विटर के माध्यम से सरकार से मांगेंगे और सरकार से लेकर रहेंगे जब तक किसान पुत्रों को मजदूर भाइयों को उनका हक नहीं मिल जाता तब तक राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन का संघर्ष जारी रहेगा। हेमेंद्र कुमार कालदेव ने बताया कि किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार वीएम सिंह के आह्वान पर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन और किसानों ने 26 जुलाई को सोशल मीडिया में ट्विटर पर ब्याज गन्ना भुगतान की मांग उठाई अपनी आवाज को सोशल मीडिया के जरिये मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का प्रयास किया। जिला बिजनौर के युवाओं में इसको लेकर उत्साह दिखा। 26 जुलाई को दोपहर से ही युवा अलग-अलग गांव में मंडली बना कर बैठे और 4 बजते ही ट्विटर पर ब्याज समेत गन्ना भुगतान की मांग को बहुत मजबूती से रखा, पूरे इंडिया में ब्याज समेत गन्ना भुगतान ट्विटर पर टॉप 30 में सातवें नंबर पर ट्रेंड करा। आईटी सेल के जिला अध्यक्ष अचल शर्मा का कहना है कि किसान ने यह बता दिया की किसान सिर्फ ट्रैक्टर ही नहीं अब ट्विटर भी चलाना सीख गया है।