कुपोषण दूर करने के लिए दी विटामिन ए की खुराक
बिजनौर। बच्चों में कुपोषण को दूर करने के लिए विटामिन ए संपूर्ण कार्यक्रम की शुरूआत हुई। जिले में नौ माह से लेकर पांच वर्ष तक के कुल 4,23,241 बच्चों को विटामिन ए की दवा देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बुधवार को रविदास मंदिर मोहल्ला रविदास नगर में विटामिन ए संपूर्ण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, डॉ. संजीव कुमार, सभासद सुदेश कुमार ने नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को दवा पिलाकर किया। इस अवसर पर डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि विटामिन ए से शरीर में रोगों से लड़ने की क्षमता में वृद्धि होती है। कुपोषण में कमी एवं शारीरिक विकास में सहायक, आंख के रोग जैसे रतौंधी से बचाव आदि में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि सभी एएनएम को उनके उपकेंद्र में बच्चों के लिए विटामिन ए की बोतलें पर्याप्त मात्रा में दे दी गई हैं। यह दवा विटामिन ए की बोतल के साथ मिलने वाली चम्मच से नाप कर डिस्पोजेबल चम्मच से निर्धारित मात्रा में दी जाएगी। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी चंदक डॉ. देवेंद्र कुमार, डॉ. जेपी सिंह, डॉ. दीपांशी, यूएनडीपी राजीव कुमार व यूनिसेफ से नुरूल निशा आदि मौजूद रहे।