डायल 112 पुलिस का ग्रामीणों ने किया घेराव
नहटौर। जीजा साले के आपसी विवाद में पहुंची डायल 112 पुलिस को ग्रामीणों ने घेर लिया। घेराव की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को लाठी फटकारते हुए खदेड़ा। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लेकर उनका शांति भंग में चालान कर दिया ।
गांव कासमपुर लेखराज निवासी राजेश सैनी की बहन व गांव जहानाबाद निवासी उसका जीजा राजकुमार गांव कासमपुर लेखराज में आए हुए थे। किसी बात को लेकर राजेश, राजकुमार में विवाद हो गया। दोनों में गाली गलौज होने पर भीड़ एकत्रित हो गई। विवाद की सूचना पर डायल 112 पुलिस गांव पहुंची। ग्रामीणों के मुताबिक पुलिसकर्मी राजेश आदि को थाने चलने के लिए कहने लगे। कुछ लोगो ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस का घेराव कर लिया। डायल 112 पुलिस ने घेराव होते देख स्थानीय पुलिस को सूचना दी। थाने से भारी पुलिस बल गांव पहुंचा और भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया है। कोतवाल सत्य प्रकाश सिंह का कहना है कि राजकुमार व राजेश, शुभम, सुरेश सैनी का शांति भंग में चालान कर दिया है।