बिजनौर के ग्राम शादीपुर में आबादी से एचटी लाइन निकालने का विरोध करते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : संवाद
कोतवाली देहात। ग्राम शादीपुर गांव में विद्युत विभाग आठ फीट चौड़े रास्ते से हाईटेंशन लाइन खींच रहा है। ग्रामीणोें के विरोध के कारण शनिवार को लाइन नहीं खिंच पाई।
ग्राम शादीपुर में विद्युत विभाग पीपलसाना मार्ग पर 11000 केवी की लाइन बना रहा है। इस रास्ते के दोनों और आबादी है और मकान बने हुए हैं। लाइन करीब 200 मीटर तक मात्र आठ फीट चौड़े रास्ते से निकली जा रही है। इस रास्ते से ग्रामीणों के ट्रैक्टर-ट्रॉली और बुग्गियों का आवागमन रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि एचटी लाइन से मकानों की सुरक्षा तो खतरे में पड़ेगी ही साथ ही इस रास्ते स्व ग्रामीणों के वाहनों का आवागमन बंद हो जाएगा। शनिवार को विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने गांव में खंभे लगा दिए। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। गतिरोध की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
ग्रामीणों ने बताया कि जिस लाइन से नई लाइन जोड़ने की बात कही जा रही है वह भी वर्षों से बंद पड़ी है। काफी देर तक दोनों पक्षों में बातचीत हुई लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जबरन लाइन खींचने का प्रयास किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में विद्युत विभाग के अवर अभियंता सुधीर कुमार ने दावा किया कि हाईटेंशन लाइन विद्युत विभाग के मानकों के अनुसार खींची जा रही है। लाइन खींचने में सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा गया है। फिलहाल मामला बढ़ता देख विद्युत विभाग के कर्मचारी गांव से लौट गए।