जाम लगाकर धरने पर बैठे हर्रावाला के ग्रामीण
रेहड़। हर्रावाला निवासी युवक की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के मामले में आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी के लिए ग्रामीणों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अडे़ रहे। शाम तक ग्रामीणों का धरना जारी था।
बृहस्पतिवार रात हर्रावाला निवासी अमित (22) पुत्र जयपाल सिंह खेत से घर लौट रहा था। बादीगढ़-सुआवाला मार्ग पर गांव भगतावाला में केएसबीडी स्कूल के निकट किसी वाहन की चपेट में आ जाने के कारण उसकी मौत हो गई थी। परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध थाने तहरीर दी थी। मृतक के भाई सुनील ने बताया कि शुक्रवार सुबह आरोपी वाहन चालक उदयपुर निवासी विनोद पुत्र राजेंद्र को नामजद कराया। आरोपी की जानकारी होने के बाद भी पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इससे गुस्साएं ग्रामीण दोपहर को गांव हर्रायवाला में खाली बैलगाड़ी खड़ी कर तथा बल्ली आदि बांधकर रास्ता जाम कर धरने पर बैठ गए। सूचना पर सीओ अफजलगढ़, एसओ रेहड़ तथा कोतवाल अफजलगढ़ मौके पर पहुंचे और जाम लगा रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। उधर, सीओ अतुल कुमार प्रधान ने बताया कि नामजद आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। टीम आरोपी की खोज में लगी है। शाम तक ग्रामीण जाम लगाकर धरने पर बैठे रहे।