अभिभावकों ने पुलिस को सौंपी तहरीर, मुख्य अध्यापिका ने भी बीईओ से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद (बिजनौर)। ग्राम प्रधान पर विद्यार्थियों से मारपीट करने और स्कूल में आकर मुख्य अध्यापिका से अभद्रता करने का आरोप लगाया है। अभिभावकों ने मामले में पुलिस को तहरीर सौंपी है। उधर, प्रधान ने आरोपों को निराधार बताया है।
गांव अलावलपुर निवासी आकाश, गोविंद, रूपा रानी, अंकेश, तेजपाल ने बुधवार को पुलिस को तहरीर सौंपी। बताया कि उनके बच्चे शाहजहांपुर के समग्र विद्यालय में पढ़ते हैं। आरोप है कि ग्राम प्रधान अक्षय भारती ने मिड-डे मील वितरण की शिकायत पर नितेश, मो.शादान, ईशु, मंतशा आदि विद्यार्थियों से मारपीट की।
उधर, मुख्य अध्यापिका अंजु रानी शर्मा ने भी खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति पाल को इस संबंध में शिकायत पत्र सौंपा है। बताया कि रसोइया के साथ कुछ विद्यार्थी ग्राम प्रधान के आवास पर सूचना लेने पहुंचे थे। ग्राम प्रधान ने उनके साथ मारपीट की। मुख्य अध्यापिका ने ग्राम प्रधान पर विद्यालय में आकर उनके साथ भी अभद्रता करने का भी आरोप लगाया।
ग्राम प्रधान ने भी लगाया आरोप
उधर, ग्राम प्रधान अक्षय भारती ने विद्यार्थियों से मारपीट के मामले को निराधार बताया। उन्होंने मुख्य अध्यापिका पर स्कूल समय में विद्यार्थियों को उनके आवास पर भेजने और मिड-डे-मील भुगतान मामले में अड़चन पैदा करने का आरोप लगाया।
मुख्य अध्यापिका से मामले की जानकारी मिली है। दो दिन के अवकाश पर हूं। आने के बाद प्रकरण के संबंध में जांच करूंगी। -प्रीति पाल, बीईओ, नजीबाबाद