ग्राम समाज की पांच एकड़ भूमि में किया है निर्माण
भाजपा नेता कपिल चौधरी और खंड विकास अधिकारी ओमवीर सिंह ने किया उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
जलीलपुर/चांदपुर। जलीलपुर क्षेत्र के गांव बेरखेड़ा में बुधवार को नवनिर्मित अस्थायी गोशाला का शुभारंभ कर दिया गया। भाजपा नेता कपिल चौधरी और खंड विकास अधिकारी ओमवीर सिंह ने फीता काटकर और हवन पूजन कर उद्घाटन किया।
गांव बेरखेड़ा में ग्राम समाज की पांच एकड़ भूमि में अस्थायी गोशाला का निर्माण कराया गया हैं। इसमें टीनशेड, चारा गोदाम और गोशाला की देखरेख के लिए नियुक्त व्यक्तियों के लिए कमरे का निर्माण कराया गया है। भाजपा नेता कपिल चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार की गोसंरक्षण योजना और निराश्रित पशुओं से किसानों की फसल की सुरक्षा के लिए गोशालाओं का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें केवल छुट्टा गोवंश पशुओं को रखा जाएगा। उन्होंने पशु पालकों से अपने पशुओं को निराश्रित न छोड़ने की अपील की।
खण्ड विकास अधिकारी ने कहा कि गोशाला में 100 पशुओं के पालन की व्यवस्था की गई। भूसा चारा आदि का प्रबंध हो चुका है। ग्राम प्रधान बेरखेड़ा मोहम्मद साजिद ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में उप-मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. ओमवीर सिंह, डाॅ. मुनेंद्र सिंह, उद्यमी निरीश कुमार उर्फ बिल्लू गुप्ता, भाकियू के प्रदेश महासचिव चौधरी कुलदीप सिंह, जिला सचिव हुकम सिंह, वरुण गुर्जर, जसवंत सिंह, इरशाद सैफी, विरेंद्र राजपूत, प्रधान अशोक कुमार, बबलू आदि मौजूद रहे।