बिजनौर। स्वास्थ्य विभाग के नोडल अफसर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह अप्रशिक्षित चिकित्सक से पैसा लेते हुए नजर आ रहे हैं। उधर नोडल अधिकारी अपने उधार रुपये वापस लेने का दावा कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार को वायरल वीडियो में कार में सवार नोडल क्वैक्स डॉ. प्रमोद देशवाल नजर आए। कार में ड्राइवर की सीट पर कोई बाहरी लड़का बैठा हुआ है जबकि पीछे की सीट भी एक अन्य युवक नजर आ रहा है। कार में बैठे डॉ. प्रमोद देशवाल बाहर खड़े व्यक्ति ने पांच हजार रुपये लेते हैं। वह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि तुम्हारे यहां बार-बार आना पड़ता है, तभी तुम मिल पाते हो।
सूत्रों की मानें तो रकम देने वाला व्यक्ति अप्रशिक्षित चिकित्सक है, जिससे प्रति महीना मिलने वाली रकम को लेने के लिए नोडल अफसर को पहुंचना पड़ा।
बता दें कि अप्रशिक्षित चिकित्सकों पर सरकार ने बैन लगा रखा है। मगर स्वास्थ्य विभाग के रहमोकरम पर ये प्रैक्टिस करते हैं। आए दिन इनके मामले पकड़ में भी आते हैं लेकिन महकमे की अनुकंपा इन पर लगातार बनी रहती है। सूत्रों की मानें तो जिले में पांच हजार से ज्यादा अप्रशिक्षित चिकित्सक हैं, जिन्हें दो हजार से पांच हजार रुपये तक महीना देना पड़ता है।