बिजनौर। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें एक कर्मचारी द्वारा सीडीओ और अन्य अधिकारियाें के नाम पर रिश्वत मांगी जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने जांच कमेटी गठित कर दी है।
वायरल वीडियो में दो व्यक्ति आपस में बात कर रहे हैं। काम करने को लेकर कर्मचारी 40 हजार रुपये से कम नहीं लेने की बात कर रहा है। वह कहता है कि उन्हें कोई जल्दी नहीं है, पैसा उनकी जेब में नहीं जाना है। आज अधिकारी नहीं आएंगे, जो भी काम होना है, कल होगा। छोटे अधिकारी की जेब में पैसे नहीं जाएंगे। सीडीओ और अन्य अधिकारियों को पैसा जाएगा। वायरल वीडियो अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है। वायरल वीडियो में काम के नाम पर पैसे की मांग की जा रही है। बताया जा रहा है, इसको लेकर आईटीआई प्राचार्य से भी मौखिक शिकायत की गई थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है।
वायरल वीडियो तीन साल पुराना बताया जा रहा है। सीडीओ के नाम पर रिश्वत मांगने की उनसे दो दिन पहले लिखित शिकायत की गई है। इस मामले में तीन सदस्य कमेटी गठित कर दी गई है। एक सप्ताह में जांच कर आख्या देने के निर्देश दिए गए हैं। ....रणविजय सिंह, सीडीओ, बिजनौर