दिसंबर तक फोरलेन हाईवे पर सरपट दौड़ने लगेंगे वाहन
बिजनौर। हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे 74 पर अब हरिद्वार से नगीना के बीच भी दिसंबर तक वाहन सरपट दौड़ने लगेंगे। 41 किमी तक फोरलेन में तब्दील किया जा चुका है, सिर्फ 30 किमी ही बाकी रह गया है। वहीं पांच बड़े और नौ छोटे पुल भी बनकर तैयार है।
नगीना से हरिद्वार के बीच की फोरलेन हाईवे की लंबाई 71 किमी है, जिसमें कोतवाली देहात, दौलताबाद, नजीबाबाद और मंडावली में बाईपास निर्माण भी होना है। कोतवाली देहात, दौलताबाद और मंडावली का बाईपास पूरा हो चुका है। इसके अलावा अलग-अलग जगहों पर 41 किमी लंबाई में हाईवे को फोरलेन में तब्दील कर लिया गया है। नेशनल हाईवे अधिकारियों के मुताबिक 56 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। दिसंबर तक हाईवे का निर्माण पूरा होने की पूरी उम्मीद की जा रही है।
बन चुके हैं 14 पुल
नगीना से हरिद्वार के बीच अलग-अलग नदियों पर 12 बड़े और 12 छोटे ब्रिज बनाए जाने थे, जिनमें पांच बड़े पुल और नौ छोटे पुल बना लिए गए हैं। बाकी पुलों का काम भी स्लैब स्तर तक पहुंच चुका है।
भागूवाला में लगेगा टोल
नगीना से हरिद्वार के बीच काम पूरा होते ही भागूवाला में टोल प्लाजा बनेगा। बता दें कि इस हाईवे पर एक टोल प्लाजा नगीना धामपुर के बीच पुरैनी में बना हुआ है। जिस पर टोल वसूला जा रहा है। हरिद्वार से काशीपुर के बीच तीन टोल प्लाजा प्रस्तावित थे, जिनमें एक उत्तराखंड और दो बिजनौर में हैं।
2018 में शुरू हुआ था निर्माण
दो हजार करोड़ रुपये की लागत से हरिद्वार से काशीपुर तक हाईवे को फोरलेन में तब्दील किया जाना था। नगीना से लेकर काशीपुर तक हाईवे का निर्माण एक साल पहले ही पूरा कर लिया गया है। अब नगीना से हरिद्वार के बीच ही काम अधूरा रह गया था। दरअसल पहले वाली कंपनी काम बीच में छोड़कर चली गई थी। साल 2018 में हाईवे का निर्माण चालू हुआ था।
वर्जन
नगीना से हरिद्वार के बीच तेजी से निर्माण चल रहा है। दिसंबर तक काम पूरा कर लिया जाएगा। 41 किमी निर्माण पूरा हो चुका है। सिर्फ 30 किमी ही बाकी है। पांच बड़े और नौ छोटे पुल भी बनकर तैयार हैं।
- बीपी पाठक एनएचएआई