संवाद न्यूज एजेंसी
नहटौर। नेशनल हाइवे-74 पर गांव पुरैनी में टोल प्लाजा शुरू हो गया है। टोल टैक्स बचाने के चक्कर में बड़ी संख्या में वाहन वाया नहटौर कोतवाली देहात होकर निकल रहे हैं। इससे नहटौर-धामपुर मार्ग पर वाहनों का आवागमन बढ़ गया है। कार से लेकर बड़े कंटेनरों तक इसी मार्ग से गुजर रहे हैं। इस कारण कस्बे में एजेंसी चौराहा, हल्दौर चौराहा, झालू चौराहा आदि स्थानों पर जाम की स्थित बनी रहती है।
उदित चौधरी, प्रदीप त्यागी, अनिल चौधरी, शीतल प्रजापति, अरविंद जोशी, आबिद मंसूरी आदि का कहना है कि जाम के कारण कोतवाली रोड स्थित ब्लॉक कार्यालय से धामपुर रोड स्थित गांगन के पुल तक पहुंचने में लगभग बीस मिनट का समय लग जाता है। यह उतना ही समय है, जितना अमूमन नहटौर से धामपुर या नहटौर से कोतवाली देहात पहुंचने में लगता है। दुर्घटनाएं भी अधिक होने लगी हैं। उन्होंने समस्या के निजात के लिए सड़कों को चौड़ीकरण की मांग की।
पालिका ईओ नवनीत कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैफिक लोड बढ़ने से जाम की स्थित बन रही है। पालिका जनमानस की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। हल्दौर चौराहे से झालू चौराहे तथा धामपुर रोड पर 90 मीटर तक सड़कों के चौड़ीकरण और डिवाइडर का काम शुरू हो गया है।
नगर सीमा में धामपुर मार्ग को आदर्श मार्ग के रूप में विकसित करना प्रस्तावित है। इसके तहत मार्ग का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण कराया जाएगा।