स्योहारा। ऑनलाइन गेम में करोड़ों रुपये के कर्ज में फंसा वरुण कर्ज और ब्याज के चक्रव्यूह को तोड़ पाने में नाकाम होने पर जिंदगी की जंग हार गया। पुलिस वरुण के मोबाइल फोन का डाटा खंगाल रही है।
स्योहारा क्षेत्र के गांव शेरपुर काजमपुर निवासी वरुण (35) पुत्र तिलकराम चौहान का शव शुक्रवार की दोपहर मुरादाबाद के काजीपुरा स्थित उसके पानी के प्लांट में लटका मिला था। बताया गया कि वरुण लगभग चार साल से मुरादाबाद में ही पानी का प्लांट लगाकर पानी की आपूर्ति किया करता था। पत्नी के अनुसार वरुण ऑनलाइन गेम में बड़ी रकम गंवा चुका था। शनिवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हेंगिंग आया है। फिर भी पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है।
साहूकारों के ब्याज के चलते गंवा दी बीस बीघा जमीन : ऑनलाइन गेम में कर्ज होने पर शुरू में वरुण ने पड़ोसी गांव के कुछ साहूकारों से ब्याज पर कर्ज लिया था। सूत्रों के अनुसार रुपये के बदले वरुण अब साहूकारों के नाम जमीन का बैनामा करता था।
कर्ज की रकम बढ़ती चली गई। रकम अधिक बढ़ जाने पर वरुण को अपनी जमीन ओने-पौने दाम पर बेचनी पड़ी थी। फरवरी माह में उसने बची हुई जमीन का बैनामा कर साहूकारों का कर्ज भी उतारा था।