‘पहले खा लेते थे बजट का पैसा’
बिजनौर। जिले के प्रभारी मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि पहले सरकारें जो बजट बनाती थी उसका 40 प्रतिशत ही खर्च होता था और बाकी खा लिया जाता था। विभागों के भ्रष्टाचार के हिसाब से बजट आवंटित होते थे, लेकिन अब मोदी और योगी सरकार में एक-एक रुपये जनता के हित पर लग रहा है। केंद्र व प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार का एक आरोप तक नहीं लगा है।
भाजपा कार्यालय पर प्रेसवार्ता में कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि कोरोना से 10 महीने लड़ाई के दौरान जनता और सरकार दोनों को आय नहीं हुई। इसके बाद भी सरकार ने बजट में जनता पर कोई नया कर भी नहीं लगाया और पिछले साल के बजट से ज्यादा की घोषणाएं की हैं। बजट में व्यापारी, युवा, महिला, उद्यमी सभी को कुछ न कुछ दिया गया है। सरकार ने भी जनता के लिए अपने खजाने खोले। चीनी मिलें एक दिन बंद नहीं होने दीं और किसानों का गन्ना भुगतान भी कराते रहे। बजट में बिजनौर के लिए 38 करोड़ की लागत से बनने वाला एकलव्य विद्यालय भी स्वीकार किया गया है। कहा कि गंगा पर तटबंध बनवाने के भी पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, जिला महामंत्री विनय राणा, मुकेंद्र त्यागी, भूपेंद्र बॉबी, जिला मीडिया प्रभारी दीपक गर्ग मोनू, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, यशपाल विश्वकर्मा, विपुल शर्मा आदि मौजूद रहे।