- तीन घंटे देरी से घोषित हुआ चंदक स्टेशन समिति का चुनाव परिणाम
- तहसीलदार और सीओ सिटी की मौजूदगी में चुनाव परिणाम किया गया घोषित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। किसान सहकारी समिति चंदक स्टेशन पर सभापति चुनाव को लेकर काफी हंगामा रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए समिति पर पुलिस के साथ-साथ पीएसी भी तैनात की गई। बाद में 3 घंटे की देरी से चुनाव परिणाम की घोषणा हुई और कविता देवी को निर्विरोध सभापति घोषित कर दिया गया। हालांकि विपक्ष ने भी नामांकन कराया था, लेकिन वह गुट मतदान करने नहीं पहुंचा।
रविवार को चंदक स्टेशन समिति पर सभापति पद के लिए खुड़ाहेड़ी सीट से निर्विरोध संचालक चुनी गई कविता देवी ने नामांकन कराया। दूसरे गुट से करीब 11:00 बजे भवानीपुर के रहने वाले सत्येंद्र सिंह सभापति पद के लिए नामांकन कराने के लिए पहुंचे। आरोप है कि उन्हें निर्वाचन सामग्री नहीं होने की बात कहते हुए लौटा दिया गया। इसके बाद घंटों तक हंगामा हुआ। आखिरकार 3:00 बजे सत्येंद्र सिंह नामांकन दाखिल कर पाए। आरोप है कि इन्हें कोई चुनाव चिन्ह आवंटित नहीं किया गया। जिसके चलते सत्येंद्र सिंह का गुट समिति से बैरंग लौट गया।
चुनाव प्रक्रिया थम जाने की वजह से एसडीएम सदर मोहित कुमार, तहसीलदार अनुराग सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अफसरों ने आपस में मंथन करने के बाद चुनाव प्रक्रिया को फिर से चालू कराया और कविता देवी को निर्विरोध सभापति घोषित कर दिया गया। हालांकि चुनाव प्रक्रिया 5:00 बजे तक खत्म की जानी थी लेकिन इस समिति पर करीब 8:30 चुनाव प्रक्रिया खत्म हुई।