डॉक्टर पर लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप, तहरीर नहीं दी
हंगामा देख स्वास्थ्य कर्मी भी अस्पताल पर ताला लगाकर घर चल गए
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर (बिजनौर)। महिला की मौत पर परिजनों ने धामपुर स्थित निजी अस्पताल में हंगामा किया। आरोप है कि डॉक्टर की लापरवाही के कारण महिला की मौत हुई। हंगामा देख स्वास्थ्य कर्मी अस्पताल पर ताला लगाकर अपने घर चल गए। घटना की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है ।
मोहल्ला नई सराय निवासी नदीम ने बताया कि प्रसव पीड़ा पर पत्नी शीबा (25) को धामपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सकों ने इजाज शुरू कर दिया। आरोप है कि जब महिला की हालत बिगड़ गई तो डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद शीबा को बिजनौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डिलीवरी के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों शीबा का शव लेकर धामपुर पहुंचे और निजी अस्पताल पर हंगामा किया। चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया।
हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची। मगर, तब तक परिजन वहां से जा चुके थे। हंगामा देख कर्मी भी अस्पताल पर ताला डाल अपने घर चल गए थे। कोतवाल अनुज कुमार तोमर का कहना है कि इस मामले में अभी पुलिस को कोई तैयारी नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलेगी तो पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करेगी।
उधर, अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि उन्होंने महिला की डिलीवरी को सफलतापूर्वक करने के लिए पूरा प्रयास किया था। मगर, जब हालात बिगड़ गई तो उन्हें रेफर करना पड़ा।