बिजनौर के गांव आनंदीपुर निवासी हिमांशु त्यागी (28) की मंगलवार रात डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। उसका शव बुधवार सुबह गांव से करीब 500 मीटर दूर खेत पर बने ट्यूबवेल के समीप खून से लथपथ पड़ा मिला। मृतक के मुंह पर बुरी तरह वार किए गए हैं।
गांव आनंदीपुर निवासी राजेंद्र सिंह बुधवार सुबह अपने खेत पर पहुंचे, तो उन्होंने हिमांशु त्यागी पुत्र सतीश त्यागी का शव पड़ा देखा। उसका मुंह क्षत-विक्षत अवस्था में और खून से लथपथ था। शव के पास टूटे डंडे पड़े थे। उन्होंने शव पड़े होने की जानकारी ग्राम प्रधान को दी। प्रधान की सूचना पर एएसपी पूर्वी अमित किशोर श्रीवास्तव, सीओ आलोक सिंह तथा प्रभारी मृदुल कुमार पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे। परिजन भी रोते-बिलखते आ गए।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों सहित ग्रामीणों से जानकारी हासिल की। मृतक के परिजनों ने युवक की डंडों से पीटकर हत्या की आशंका जताई है। फॉरेंसिक व डॉग स्क्वाड टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के बड़े भाई सोनू त्यागी ने बताया कि हिमांशु त्यागी मंगलवार शाम सात बजे घर से थोड़ी देर बाद लौटने की बात कहकर गया था। जब वह 9-10 बजे तक भी वापस नहीं आया तो उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई पता नहीं चला। सुबह उन्हें गांव के पास खेत में शव पड़ा होने की सूचना मिली। हिमांशु अविवाहित था और उसने बीएससी की थी। उसने दो वर्ष तक गुड़गांव स्थित किसी कंपनी में काम किया था। करीब छह महीने पहले नौकरी छोड़कर घर आ गया था।
वर्तमान में वह सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था और अपने भाई के साथ खेती के काम में हाथ बंटा रहा था। मृतक के पिता सतीश त्यागी की ओर से हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी गई है। सीओ आलोक सिंह का कहना है कि अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
ये भी देखें...
मेरठ थप्पड़ कांड: एसएसपी अविनाश पांडे समेत 50 पुलिसकर्मियों के खिलाफ एससी/एसटी कोर्ट में याचिका, ये लगाए आरोप