बिजनौर। नेहरू जूनियर हॉकी टूर्नामेंट में लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज टीम ने मध्य प्रदेश हॉकी एकेडमी को हराकर अपने नाम जीत दर्ज की। लखनऊ टीम में बिजनौर निवासी विक्रांत ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने 33 साल बाद जीत अपने नाम दर्ज की है।
शिवाजी स्टेडियम नई दिल्ली में नौ सितंबर से 14 सितंबर तक नेहरू जूनियर हॉकी टूर्नामेंट आयोजित हुआ। जिसमें सभी राज्यों की हॉकी टीम ने प्रतिभाग किया। आखिरी मुकाबला गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ और मध्य प्रदेश हॉकी एकेडमी के बीच हुआ। जिसमें लखनऊ टीम ने मध्य प्रदेश की टीम को 3-0 से हराकर जीत अपने नाम दर्ज की। मैच में बिजनौर निवासी विक्रांत ने गोलकीपर की अहम भूमिका निभाई। विक्रांत सहकारी चीनी मिल नजीबाबाद के निवासी हैं। साल 1989 में आखिरी बार लखनऊ टीम ने मैच जीता था। इसके बाद 14 सितंबर को मध्य प्रदेश हॉकी एकेडमी की टीम को हराकर जीत का परचम लहराया। विक्रांत ने बताया कि 33 साल बाद टीम को जीत मिली है। पूरी टीम मेहनत कर यह ट्राफी अपने नाम की है।