बिजनौर में हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के बिजनौर शहर में बुधवार तड़के एक हादसा हो गया। धामपुर में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में कार में सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि बुधवार की तड़के करीब तीन बजे थाना धामपुर क्षेत्र में चौकी रानीबाग के निकट मुरादाबाद की तरफ से आ रही एक टियागो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। कार में सवार कृपाल सिंह (60 वर्ष) पुत्र सरूप सिंह निवासी ग्राम मागपुर उदयचन्द उर्फ मिट्ठेपुर थाना स्योहारा और सूर्यकांत (24 वर्ष) पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी ग्राम जलालपुर हासरा थाना नहटौर की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अन्य तीन लोग घायल हो गए।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया दिया है। वहीं घायलों को अस्पताल भर्ती कराया गया है। बताया गया कि नींद के कारण यह हादसा हुआ है। वहीं कुछ लोग मोबाइल पर बात करने के कारण कार के अनियंत्रित होने की बात कह रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।