कोतवाली देहात के ग्राम मखवाड़ा निवासी देवर अजय पाल सिंह और भाभी राजेश्वरी देवी की उत्तराखंड के टिहरी में रुद्रप्रयाग के निकट सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उनकी गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी तथा शवों को बरामद किया गया।
राजेश्वरी का फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
ग्राम मखवाड़ा निवासी अजय पाल सिंह और उनकी भाभी राजेश्वरी देवी जनपद टिहरी में अपना कारोबार करते थे। अजय पाल गाड़ी चलाते थे। सोमवार को वह घर वापस आ रहे थे। देवप्रयाग से तीन किलोमीटर आगे जाकर उनकी गाड़ी गहरी खाई में गिर गई। इसकी सूचना उनके गांव में पहुंची तो परिजन घटनास्थल पर रवाना हो गए।
पुलिस ने 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी और शव बरामद किए। दोनों शव बुधवार सुबह तक गांव आने की संभावना है। दो मौत होने से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार युवती की मौत
गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में मेरठ रोड पर गुलधर मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार सुबह रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार सोनिया (22) पुत्री अशोक कुमार की मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को संजयनगर जिला संयुक्त अस्पताल पहुंचवाया। बस चालक मौके पर बस छोड़कर भाग गया।
सोनिया मेरठ के दौराला के गांव जैसूपुर वफाबत की रहने वाली थीं। मंगलवार सुबह वह नोएडा में अपनी बहन के यहां जा रही थीं। वहां से इंटरव्यू देने के लिए जाना था। सोनिया के परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोनिया नौकरी की तलाश में थी। पूर्व में वह नोएडा एक्सटेंशन स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स थीं।
तेज रफ्तार पिकअप बरातियों की कार से टकराई, बच्चों सहित 11 घायल
मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नालपुर बस स्टॉप के सामने मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी ओर सामने से आ रही बरातियों की कार से टकरा गई। हादसे में कार सवार बच्चों सहित नौ बरातियों और पिकअप में सवार दो लोगों समेत 11 लोग घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक बच्चे की हालत गंभीर है। कार में सवार बराती गाजियाबाद के गांव तोड़ी से किठौर के गांव सौदत में ओर आ रहे थे।
कार में सवार शोएब 11 वर्षीय पुत्र जान मोहम्मद निवासी राधना थाना किठौर, 12 वर्षीय अरहम, 10 वर्षीय नवीशा, 13 वर्षीय अब्दुल्ला, 40 वर्षीय खालिद, 19 वर्षीय बिलाल पुत्र खालिद, 16 वर्षीय शहजाद पुत्र हसमुख, 18 वर्षीय साकिब निवासी गांव तोड़ी थाना भोजपुर जिला गाजियाबाद व कार चालक तोड़ी निवासी 30 वर्षीय कादिर पुत्र आस मोहम्मद घायल हो गए। इसके अलावा पिकअप गाड़ी में सवार पवन पुत्र मनिपाल और मूल शंकर पुत्र रमेश निवासी चंदपुरा थाना खरखौदा भी घायल हो गए।