प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नजर से कोई नहीं छूटता है। तभी आज नगीना तहसील के इतने से छोटे गांव में इतना बड़ा आयोजन हो रहा है। कार्यक्रम के शुभारंभ में महिलाओं ने स्वागत गीत व घूंघट नृत्य प्रस्तुत किया।
आंगनबाड़ी केंद्र और योजनाओं के लाभ की दी सौगात
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर व प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आंगनबाड़ी केंद्र, पुस्तकालय एवं कंप्यूटर प्रयोगशाला का फीता काटकर उद्घाटन किया। लाभार्थियों को योजनाओं के लाभ के प्रमाण पत्र भी वितरित किए। अतिथियों ने कार्यक्रम के प्रांगण में लगे सरकारी योजनाओं के स्टॉल व नगीना वुड क्राफ्ट के स्टॉल पर जाकर भी उनका अवलोकन किया। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी ज्ञानेश्वर तिवारी ने किया।
बावन सराय के लोगों को नहीं मिला पीएम मोदी से संवाद का मौका
पीएम मोदी ने अलग-अलग प्रदेशों के पांच लाभार्थियों से सीधा संवाद भी किया। बावन सराय में भी प्रशासन ने सीधा संवाद के लिए कई लाभार्थियों को तैयार कर रखा था, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिल पाया। स्क्रीन पर ही प्रधानमंत्री के सीधे संवाद कार्यक्रम को देख रहे लोग व खुद प्रधानमंत्री उस समय अपनी हंसी नहीं रोक पाए जब वह मध्य प्रदेश के शिवपुरी से एक लाभार्थी ललिता से वार्ता कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने जब ललिता से अपने बारे में बताने के लिए कहा तो ललिता ने बिना थमे अपने बारे में काफी देर तक बताया तो सभी की हंसी छूट गई। प्रधानमंत्री को यह कहना पड़ा कि आप तो इतना अच्छा बिना रुके व बिना पढ़े बोल लेती हैं, इतना तो पढ़कर भी अच्छे-अच्छे नेता नहीं बोल पाते हैं।