- 11 दिनों में हाईस्कूल और इंटर की 5,89,752 उत्तर पुस्तिकाएं जांची गईं
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटर की काॅपियां जांचने का काम पूरा हो गया। तीनों केंद्र पर हाईस्कूल व इंटर की 5,89,752 काॅपियां जांची गईं। बोर्ड से मूल्यांकन कार्य समाप्त करने का 28 मार्च आखिरी दिन था। हाईस्कूल का मूल्यांकन कार्य 27 मार्च को निपट गया था। अंतिम दिन इंटर की करीब 1000 उत्तर पुस्तिकाएं जांचने के साथ काम समाप्त हुआ।
जिले में हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिका दो केंद्रों और इंटर की उत्तर पुस्तिका एक केंद्र पर जांची गईं। 18 मार्च से 28 मार्च तक 11 दिनों में तीनों केंद्रों पर हाईस्कूल की 3,71,943 और इंटर की 2,17,809 उत्तर पुस्तिकाएं जांची गईं। करीब 1600 परीक्षकों ने मूल्यांकन कार्य किया। मूल्यांकन कार्य डीआईओएस रामाज्ञा कुमार की निगरानी में हुआ। मूल्यांकन केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। उप नियंत्रकों के अनुसार मूल्यांकन संबंधी समस्त प्रपत्र अंतिम रूप से बोर्ड को भेजे जा रहे हैं।
प्रधानाचार्यों की बैठक आज
माध्यमिक विद्यालयों में एक अप्रैल से 2023-24 शिक्षा सत्र शुरू है। जिले के राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों की बैठक 29 मार्च आज डीआईओएस कार्यालय सभागार में बुलाई गई है। डीआईओएस रामाज्ञा कुमार के अनुसार इस बैठक में सभी प्रधानाचार्यों की उपस्थिति अनिवार्य है।