यूपी बोर्ड : 14 परीक्षा केंद्र काटे गए
बिजनौर। शासन ने यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटर परीक्षा केंद्रों की सूची फाइनल कर दी है। 2022 के परीक्षा केंद्रों के मुकाबले इस साल दो परीक्षा केंद्र बढ़े हैं। मानक पूरा नहीं करने वाले 14 कॉलेजों को परीक्षा केंद्रों की सूची से हटा दिया गया है। इनमें सबसे अधिक वित्तविहीन विद्यालय तथा उसके बाद राजकीय इंटर कॉलेजों की संख्या है।
शासन से 140 परीक्षा केंद्रों की सूची जारी हुई थी, इन पर आपत्ति मांगी गई थी। तय तारीख तक विभिन्न प्रकार की 103 आपत्तियां दर्ज र्हुइं। डीएम की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय निस्तारण समिति ने आखिरी तारीख 20 दिसंबर तक आपत्ति का निस्तारण किया। निस्तारित सूची शासन को भेजी गई थी। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार अब परीक्षा केंद्रों की सूची फाइनल हो गई है। 2023 की परीक्षा के लिए 133 परीक्षा केंद्र बने हैं। 2022 के परीक्षा केंद्र 131 थे। मानक पूरा नहीं करने वाले परीक्षा केंद्र हटा दिए गए हैं। इनमें वित्त विहीन कॉलेज सबसे अधिक 09, चार राजकीय इंटर कॉलेज व एक अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय है। बाल कल्याण इंटर कॉलेज रूपपुर तथा सीवी रमन इंटर कॉलेज चांदपुर नए परीक्षा केंद्र बने हैं।
शासन से जारी सूची में राजकीय इंटर कॉलेज बिजनौर को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। 100 साल से अधिक पुराने जीआईसी बिजनौर का भवन जर्जर घोषित है। नए भवन का निर्माण पूरा नहीं है, इसको लेकर आपत्तियां हुईं। जिस पर जीआईसी बिजनौर को परीक्षा केंद्र हटा दिया गया है। फाइनल परीक्षा केंद्रों की सूची में सबसे अधिक 68 परीक्षा केंद्र अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय है। इसके बाद 54 परीक्षा केंद्र वित्त विहीन कॉलेज हैं। जबकि राजकीय इंटर कॉलेज मात्र 11 हैं।