बेमौसम बारिश ने किसानों की बढ़ाई चिंता
अफजलगढ़। बेमौसम रुक रुक कर हो रही बारिश व ओला पड़ने से गेहूं की फसल बर्बाद होने से किसान चिंतित हैं।
किसान राणा सिंह, दर्शन सिंह, विरहा सिंह, हरकेश सिंह, लियाकत अली, मोहन सिंह तथा वीर सिंह आदि का कहना है कि बेमौसम बारिश के चलते गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है। एक ओर जहां ओला पड़ने से खेतों में खड़ी गेहूं की बालिया झड़कर गिरने से फसल को भारी नुकसान हुआ है। वहीं दूसरी ओर खेतों में मौजूद गेहूं की कटी फसल भीगकर बुरी तरह गीली हो जाने से गहाई के कार्य में देरी होगी। किसानों का कहना है कि अभी काफी लोगों का खेत में गेहूं खड़ा है। जो गेहूं कट गया है वह भी बुध व बृहस्पतिवार को वर्षा से भीग गया है। गेहूं के काले पड़ने की संभावना बढ़ गई है। जिससे गेहूं की कम कीमत मिलेगी और किसान को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। चारे के लिए भूसा भी भीगकर खराब होने की बात कही है। इसके अलावा मौसम के लगातार बदलते रुख को लेकर किसान खासा चिंतित है।