विवि ने प्रश्नपत्रों का प्रारूप निर्धारित किया
बिजनौर। महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक व स्नातकोत्तर की परीक्षाएं 15 जुलाई से प्रस्तावित हैं। विश्वविद्यालय ने स्नातक व स्नातकोत्तर परीक्षा के प्रश्नपत्रों के प्रारूप को निर्धारित कर दिया है।
वर्धमान कॉलेज बिजनौर में एसोसिएट प्रोफेसर और रूहेलखंड टीचर्स एसोसिएशन रूटा के अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय ने प्रश्नपत्रों का प्रारूप तैयार करने के लिए विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की समिति गठित की थी। समिति ने स्नातक व स्नातकोत्तर परीक्षा के प्रश्नपत्रों का प्रारूप तैयार करके विश्वविद्यालय को सौंपा था। कुलपति ने समिति के प्रारूप को अनुमोदित कर अपनी मुहर लगा दी है। बीए, बीएससी, बीकॉम परीक्षा के पेपर में प्रथम प्रश्न दीर्घ उत्तरीय होगा, जिसमें सभी प्रश्नपत्रों के प्रश्न शामिल होंगे। छात्रों को किसी भी एक प्रश्न का उत्तर देने का विकल्प होगा। प्रथम प्रश्न 30 नंबर का होगा। लघु उत्तरीय प्रश्न भी सभी प्रश्नपत्रों से होंगे। प्रश्नों की संख्या 10 होगी। जिसमें कोई भी चार प्रश्न करने का विकल्प रहेगा। लघु उत्तरीय प्रश्न 50 अंक के होंगे। बहुविकल्पीय प्रश्न सभी प्रश्नपत्रों से पूछे जाएंगे। प्रश्नों की संख्या 10 होगी। इनमें पांच प्रश्न करने का विकल्प रहेगा। बहुविकल्पीय प्रश्न 20 अंक के होंगे।
एमए, एमएससी, एमकॉम परीक्षा के सभी प्रश्नपत्र अलग-अलग होंगे। पेपर में कोई भी तीन प्रश्नों के उत्तर देने का विकल्प रहेगा। प्रश्नपत्रों के दो ग्रुप होंगे। एक ग्रुप में सात प्रश्न 35-35 नंबर के होंगे। जिनमें कोई दो प्रश्न करने होंगे। दूसरे ग्रुप में तीन प्रश्न 30-30 अंक के होंगे। इनमें कोई एक प्रश्न करना होगा। ताकि पूर्णांक 100 हो जाए। डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि छात्र प्रश्नपत्र के प्रारूप के अनुसार तैयारी करें। प्रश्नपत्र प्रारूप के बारे में किसी भी जानकारी के लिए उनसे संपर्क कर सकते हैं।