फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उदयन वीरा ने जीता मैदान

Mon, 02 Nov 2015 01:13 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, बिजनौर
विज्ञापन
विज्ञापन
बिजनौर में मोहम्मदपुर देवमल विकास खंड में पड़ने वाली जिला पंचायत सदस्य पद की वार्ड नंबर 22 से प्रत्याशी सदर विधायक रुचि वीरा के पति कुंवर उदयन वीरा और पूर्व विधायक शाहनवाज राना की पत्नी इंतखाब के बीच हाईटेंशन मुकाबले में आखिरी बूथ की मतगणना तक कड़ी टक्कर रही।
विज्ञापन


इंतेखाब राना पूरे चुनाव में हावी रही। दोनों उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की सांसें अंतिम समय तक अटकी रहीं। हालांकि आखिर के दो बूथों पर मतदाताओं के रुख से पासा पलटा और कुंवर उदयन वीरा ने जिला पंचायत सदस्य पद की सीट पर कब्जा किया।


जिला पंचायत सदस्य पद की वार्ड  नंबर 22 के दोनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबला शुरू से ही गहमागहमी का रहा। दोनों प्रत्याशी और उनके समर्थक चुनाव जीतने के लिए जी जान से लगे रहे। मतदान के दिन काजीवाला गांव के बूथ पर कुंवर उदयन वीरा और शाहनवाज राना के बीच नोकझोंक भी हुई थी। रविवार को मतगणना की शुरूआत से पहले विधायक शाहनवाज राना की पत्नी इंतखाब राना मैदान में हावी रहीं।
विज्ञापन


शुरूआती दस हजार वोट खुलने तक इंतखाब राना कुछ वोटों से आगे रहीं। करीब 22 बूथों की गिनती होने तक कुंवर उदयन वीरा को पांच हजार 779 वोट और इंतखाब राना को पांच हजार 59 वोट मिले। कुंवर उदयन वीरा करीब 20 वोटों से आगे निकले। इससे इंतखाब राना के खेमे में हलचल रही, लेकिन इसके बाद इंतेखाब राना को फिर से बढ़त मिलनी शुरू हो गई। 30 बूथों तक मतगणना होने तक इंतखाब राना को सात हजार 798 और कुंवर उदयन वीरा को सात हजार 560 वोट मिले। वोटों के उतार चढ़ाव का ये सिलसिला बढ़ता और घटता रहा।

 एक बार तो इंतखाब राना करीब 600 वोटों से आगे हो गईं। 40वें बूथ की मतगणना पूरी होने तक इंतखाब राना को आठ हजार 636 और उदयन वीरा को आठ हजार 109 वोट मिले। इंतखाब राना करीब 500 वोटों की बढ़त बनाए रहीं। इसके बाद धीरे-धीरे वोटों का अंतर गिरना शुरू हो गया। 42वें बूथ तक आते आते यह अंतर केवल 100 वोट का रह गया। इससे दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों की बेचैनी बढ़ती रही। समर्थक  एक एक बैलेट पर अपनी नजर गड़ाए रहे।


वहीं अंतिम मतगणना में गांव टिक्कोपुर और इटावा से कुंवर उदयन को अच्छे वोट मिले और कुंवर उदयन वीरा ने लीड बनानी शुरू की। 46 बूथों की गिनती तक कुंवर उदयन वीरा ने 346 वोट की लीड बना ली। साढ़े पांच बजे गांव इटावा के बूथ की मतगणना शुरू हुई। यहां पर कुंवर उदयन वीरा को अच्छे वोट मिले और उनका फाइनल स्कोर दस हजार 582 पर पहुंच गया। इंतखाब राना को दस हजार 182 वोट मिले। उदयन वीरा 518 वोट से चुनाव जीते। चुनाव जीतने के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस सीट पर अन्य प्रत्याशियों की भी नजर टिकी थी।


पति के जीतने के बाद आईं रुचि वीरा
मतगणना के दौरान इंतखाब राना नहीं आई। उनकी जगह उनके पति पूर्व विधायक शाहनवाज राना मतगणना पर नजर रखे रहे। वहीं कुंवर उदयन वीरा की पत्नी सदर विधायक रुचि वीरा भी मतगणना के दौरान दिखाई नहीं दी। चुनाव जीतने की सूचना के बाद ही वे मतगणना स्थल पर पहुंची और अपने पति और समर्थकों को जीत की बधाई दीं।


पत्नी को मिल रहे वोटों की नहीं की परवाह
कांटे के मुकाबले में भले ही कुंवर उदयन वीरा जीत गए हों, लेकिन उनके करीबी खुशनूद खां की पत्नी शबा खां को अधिक वोट नहीं मिले। शबा खां वार्ड नंबर 20 से चुनावी मैदान में थी। मतगणना में शबा खां कभी पांचवें तो कभी छठे नंबर पर रहीं। हालांकि खुशनूद खां ने उनको मिल रहे वोटों की परवाह भी नहीं की। वे उधर गए भी नहीं जहां पर वार्ड 20 के वोटों की गिनती की जा रही थी। खुशनूद खां कुंवर उदयन वीरा को मिल रहे वोटों पर ही नजर रखे रहे। उन्होंने कुंवर उदयन वीरा को मिल रहे वोटों की सूची पूरे समय अपने पास रखी।


नारे लगाकर उदयन वीरा कैंप में पहुंचे
चुनाव हारने के बाद जब इंतखाब राना के पति पूर्व विधायक शाहनवाज राना मतगणना स्थल से बाहर निकले तो उनके समर्थकों ने समझा वे जीत गए हैं। समर्थकों ने ढोल बजाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। शाहनवाज राना ने उनको चुप कराया। इसके बाद कुंवर उदयन वीरा के कैंप कार्यालय में समर्थकों ने कुंवर उदयन वीरा जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। कुंवर उदयन वीरा के जीतने का पता चलने पर शाहनवाज राना के लिए नारे लगा रही भीड़ कुंवर उदयन वीरा के कैंप कार्यालय में पहुंच गई और वहां जाकर उनकी जीत के नारे लगाने शुरू कर दिए।
विज्ञापन



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें