- दिल्ली पुलिस ने लूट की करीब आठ लाख रुपये की धनराशि भी बरामद की
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद/नांगलसोती (बिजनौर)। दिल्ली में एक निजी चिकित्सक की हत्या और लाखों की लूट के मामले में दिल्ली पुलिस ने नांगलसोती के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवकों के घर से लूट की धनराशि और जेवरात भी बरामद किए है।
जंगपुरा एक्सटेंशन के सी ब्लॉक-14 में रहने वाले निजी चिकित्सक योगेश चंद्र पाल (63) की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने नांगल क्षेत्र में दबिश दी। बताया गया कि शुक्रवार को चिकित्सक की उसके घर पर गला रेतकर कुछ बदमाशों ने हत्या कर दी थी। बदमाशों ने शव को किचन में बंद कर लाखों की लूट को भी अंजाम दिया था। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी।
दिल्ली पुलिस घटना के खुलासे के लिए रविवार हरिद्वार में किराए के मकान में रह रहे नांगलसोती निवासी हिमांशु जोशी उर्फ सोनी पुत्र भीष्म जोशी के पास पहुंची और पूछताछ की। इसके बाद पुलिस हिमांशु को लेकर नांगल थाने पहुंची। नांगल पुलिस की मदद से दिल्ली पुलिस ने हिमांशु के पड़ोसी आकाश उर्फ छोटू पुत्र लवकुमार के घर पर भी दबिश दी और उसे हिरासत में लिया। दिल्ली पुलिस ने हिमांशु के पास से लूट के लाखों रुपए और जेवरात बरामद किए है।
नांगल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि आकाश के घर से लूट के करीब आठ लाख की नकदी और आभूषण बरामद किए है। दोनों ही युवक उपरोक्त हत्या में शामिल थे। दिल्ली पुलिस के शाहीन बाग थाने के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार अपनी टीम के साथ दो युवकों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।