रेहड़ क्षेत्र के गांव अंगदपुर में दुर्घटना ग्रस्त रोडवेज बस।
- फोटो : अमर उजाला
स्योहारा में सड़क हादसों में मंगलवार की सुबह एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बिजनौर सड़क मार्ग पर छाछरी पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक और बाइक की टक्कर में एक बाइक सवार की मौत हो गई ।
गांव जमापुर निवासी राजपाल का पुत्र सुमित (23) ग्राम प्रधान के पुत्र की शादी में आलमपुरी गया था। सोमवार रात बाइक से अपने गांव आ रहा था। उमरपुर के पास किसी वाहन से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। कार्यवाहक थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि घटना कि परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। वहीं, गांव जयरामपुर निवासी जयप्रकाश अपने गांव से बाइक से स्योहारा आ रहा था। गैस एजेंसी के पास किसी वाहन की चपेट में आकर बाइक सहित दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं चांदपुर में बिजनौर सड़क मार्ग पर छाछरी पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक और बाइक की टक्कर में एक बाइक सवार की घटनास्थल पर मौत हो गई । दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजकर शव को पीएम के लिए बिजनौर भेज दिया है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव रतनपुर खुर्द निवासी इंद्रपाल सिह राशन डीलर 53 वर्ष धर्मेश कुमार चालीस वर्ष सोमवार की देर शाम बाइक से एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गंज जा रहे थे । ये दोनों छाछरी मोड़ पर पैट्रोल पंप के सामने पहुंचे तो बिजनौर की ओर से आ रहे ट्रक और बाइक में टक्कर हो गई। इसमें इंद्रपाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि धर्मेश गंभीर रुप से घायल हो गया ।
पुलिस ने धर्मेश को घायल अवस्था में बिजनौर भेज दिया । शव को सील कर पीएम के लिए बिजनौर भेज दिया । ट्रक में खाद के बोरे भरे हुए थे ।ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है।