दो किशोरों पर बालिका से दुष्कर्म का आरोप
बढ़ापुर (बिजनौर)। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने गांव के ही दो किशोरों पर उसकी छह वर्षीया पुत्री के साथ गांव से बाहर ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पीड़ित मासूम को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया कि सोमवार की शाम करीब सात बजे उसकी छह वर्षीया पुत्री शौच के लिए गई थी। रास्ते में मिले उसके ही गांव के दो किशोर बच्ची को बहला फुसलाकर गांव से बाहर जंगल में ले गए, जहां उसकी पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। बाद में दोनों आरोपी बच्ची को उसके घर के बाहर छोड़ गए। बच्ची ने अपनी मां को घटना के बारे में बताया। आरोपी दोनों किशोर 12 व 13 वर्ष की आयु के हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। जबकि पीड़ित मासूम को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में दोनों किशोरों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोनों किशोरों को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।