नूरपुर। झारखंड में हुए सड़क हादसे में क्षेत्र के दो व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
नूरपुर के मोहल्ला ब्रह्मपुरी निवासी सरदार शिवा उर्फ छोटू और धामपुर क्षेत्र के गांव पांडली मांडू निवासी सरदार भूपेंद्र सिंह कारोबार के सिलसिले में परिवार सहित झारखंड में रहते हैं। शनिवार को वह गिरीडीह के गुरुद्वारा साहिब में हो रहे एक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने गए थे। शाम को सभी गिरीडीह से रांची स्थित गुरुद्वारे में अरदास के लिए बस से निकले। जनपद हजारीबाग में एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए 60 फीट नीचे नदी में गिर गई। हादसे में सात से अधिक यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में शिवा उर्फ छोटू (25) व भूपेंद्र सिंह (55) भी शामिल हैं। हादसे में भूपेंद्र सिंह की पत्नी, छोटू की बहन व परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल भी हुए हैं। उनकी मौत की सूचना से शहर में शोक की लहर है।