चांदपुर के राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में कीटनाशक दवाई से सैनिटाइज करते नगरपालिका कर्मचारी।
- फोटो : BIJNOR
चिकित्सक के रिश्तेदार की पत्नी और बेटा भी संक्रमित
बिजनौर। अब चांदपुर के मृतक चिकित्सक के रिश्तेदार की पत्नी और उसका बेटा भी कोरोना संक्रमित निकला है। अब तक इस चिकित्सक समेत उसके परिवार के छह सदस्य कोरोना पॉजिटिव निकल चुके हैं। मंगलवार रात मां-बेटे के कोरोना संक्रमित निकलने के साथ ही करीब 118 अन्य लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव भी आई हैं। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 42 हो गई है। हालांकि इनमें से 27 लोग ठीक भी हो चुके हैं। इनमें चिकित्सक की पत्नी भी शामिल है।
चादंपुर जिले का सबसे बड़ा हॉट स्पॉट इलाका बन गया है। प्रशासन के काफी प्रयास और सख्ती बरतने के बाद भी चांदपुर में कोरोना का संक्रमण नहीं थम रहा है। कोरोना वायरस ने चांदपुर को पूरी तरह से जकड़ लिया है। नगर के चिकित्सक समेत अब तक उसके परिवार के छह लोग कोरोना संक्रमित निकल चुके हैं। सीएमओ विजय कुमार यादव के अनुसार मंगलवार रात आई जांच रिपोर्ट में मृतक चिकित्सक के रिश्तेदार की पत्नी और उसके बेटे के भी कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा करीब 118 लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आईं। जिले में अब कुल 42 लोग कोरोना पॉजिटिव निकल चुके हैं। हालांकि इनमें से 27 लोगों ने कोरोना को मात भी दी है। अब वे सभी सामान्य जीवन जी रहे हैं। जबकि चांदपुर के एक चिकित्सक की मौत हो चुकी है। संक्रमित मिले मां बेटे को उपचार के लिए मुरादाबाद भेजा गया है। चिकित्सक के रिश्तेदार की बेटी और चिकित्सक का पुत्र भी मुरादाबाद में एल-1 हॉस्पिटल में ही भर्ती हैं। चिकित्सक की पत्नी मेरठ मेडिकल कॉलेज से ठीक होकर लौटी है।
मकान की ऊपरी मंजिल पर रहता है रिश्तेदार का परिवार
मोहल्ला कायस्थान निवासी मृतक चिकित्सक के साले का परिवार उनके मकान की दूसरी मंजिल पर रहता है। चिकित्सक के संक्रमित निकलने के बाद से ही प्रशासन ने उसके परिवार और संपर्क में आने वालों को ट्रेस कराकर उनकी सैंपलिंग कराई थी। इनमें से अधिकांश की रिपोर्ट आ चुकी है, जबकि चिकित्सक के संपर्क में रहे परिवार के सदस्य अथवा अन्य लोग आए दिन कोरोना संक्रमित निकल रहे हैं। हालांकि प्रशासन ने कोरोना की चेन तोड़ने के लिए नगर को सील करा रखा है।