बिजनौर। हाईवे के निर्माणाधीन पुल का लोहा चोरी करने में पुलिस ने दो और आरोपियों को पकड़ लिया है। इनकी निशानदेही पर लोहे की 21 प्लेट बरामद की गई है। अभी दो और आरोपियों का पकड़ा जाना बाकी रह गया है। इस मामले में चौकीदार समेत सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
केस में विवेचक धर्मेंद्र सोलंकी ने बताया कि अरशद निवासी जाब्तागंज नजीबाबाद और फुरकान निवासी पुंडरी कला को गिरफ्तार करते हुए चालान कर दिया गया है। पुंडरीकला के ही हनीफ और भूरा की तलाश की जा रही है। इस मामले में जुल्फकार निवासी जंदरपुर, नौशाद, नसीम, रईस निवासीगण गांव पुंडरीकला थाना नांगल और चौकीदार छबरे निवासी कसौर को पहले ही पकड़ लिया गया था।
बता दें कि एक अक्तूबर की रात में आरोपी साइट पर पहुंचे और चोरी कर ली। टाटा मैजिक में प्लेट भरकर पुंडरी कला ले गए। चौकीदार ने ठेकेदार को फोन पर सूचना दी थी कि उसे बंधक बनाकर चोरी कर ली है। डायल 112 को दी गई सूचना में भी फर्क पाया गया।
एसपी सिटी कृष्ण गोपाल ने बताया कि ठेकेदार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए पड़ताल की तो पुलिस को शुरुआती पूछताछ में ही चौकीदार पर शक हो गया था। इसके बाद पुलिस ने करीब 20 जगहों सीसीटीवी खंगाले। पुंडरीकला तक उक्त वाहन जाता हुआ नजर आया। इसके चलते यह खुलासा हो सका।