अफजलगढ़। गांव भूतपुरी में रामगंगा नदी के पार गन्ने की छिलाई करने गए ग्रामीणों के सामने दो गुलदार आ गए। एक गुलदार पेड़ पर चढ़ा हुआ था जबकि दूसरा मार्ग रोक कर खड़ा हो गया। ग्रामीण पहले तो घबरा गए। बाद में शोर मचाकर गुलदार को जंगल में भगाया।
गांव निवासी महावीर सिंह, चेतन सिंह, कुलमणी सिंह तथा जयदेव सिंह रामगंगा नदी पार गन्ना छिलाई के लिए गए थे। वहां एक ग्रामीण की निगाह पास खड़े पेड़ पर बैठे गुलदार पर पड़ी। ग्रामीण घबरा गए और वहां से हटकर घर लौटना चाहा। इसी बीच ग्रामीणों ने देखा कि दूसरा गुलदार रास्ते में खड़ा हुआ है। बाद में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर खेत पर पहुंचे ओर दोनों गुलदारों को जंगल में भगाया। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार गुलदार खेतों पर नजर आ रहा है और कई बार उनका रास्ता रोक लेता है। ग्रामीण खेतों पर जाने से भी घबरा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़कर वन क्षेत्र में छुड़वाने की मांग की है। इस संबंध में नगीना रेंजर प्रदीप शर्मा ने ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा मौके पर टीम भेजने की बात कही है।