अफजलगढ़ (बिजनौर)। हरिद्वार-काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पांच अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
मंगलवार सुबह नरेश पुत्र मूला, वेदपाल पुत्र कोमल सिंह काशीरामपुर थाना मंडावली और राजेंद्र (55) पुत्र श्याम सिंह निवासी बीरूबाला कार से चैती मेले काशीपुर जा रहे थे। भागूवाला के गांव कांशीरामपुर निवासी चालक गुलफाम पुत्र मतलूब कार चला रहा था। अफजलगढ़ सेंट मेरी स्कूल के पास कार ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई गई। हादसे में कार सवार राजेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य तीनों लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। ईंटों के ट्रैक्टर पर बैठे मजदूर जाकिर, दानिश व तालिब पुत्र साकिर निवासी पतयाला अमरोहा भी घायल हुए।
ट्रैक्टर-ट्रॉली अमरोहा से अफजलगढ़ की दिशा में जा रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को राहगीरों की मदद से उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से नरेश, वेदपाल, गुलफाम, जाकिर व दानिश को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। कार सवार दूसरे घायल वेदपाल (45) पुत्र कोमल सिंह की बिजनौर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मौके पर पहुंचे अपराध निरीक्षक आरपी सिंह ने बताया कि दोनों वाहनों को भी कब्जे में ले लिया है।